*अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, यूपी के 5 बदमाश गिरफ्तार*
*बोलेरो चोरी में इस्तेमाल कार समेत नकदी बरामद*
सतना। जिले की चित्रकूट थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर यूपी के 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार और चुराया गया वाहन बेंचने से प्राप्त नकदी बरामद की गई है। टीआई निलेश कुमार तिवारी ने बताया कि मानिकचंद्र पुत्र प्राणीलाल राजपूत 53 वर्ष, निवासी अमूंद, जिला हमीरपुर (यूपी), बीते 11 अगस्त को बोलेरो क्रमांक यूपी 91 एफ 6135 से परिवार के साथ चित्रकूट आए और गुरुकृपा होटल के सामने गाड़ी खड़ी कर परिक्रमा लगाने चले गए। कुछ घंटे बाद जब सभी लोग वापस आए तो गाड़ी नहीं मिली, जिस पर आसपास तलाश करने के बाद पीडि़त ने थाने में शिकायत की तो कायमी कर जांच प्रारंभ की गई।
*एसआईटी ने यूपी में की छापेमारी*
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान हंसराज सिंह ने डीएसपी आशुतोष त्यागी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दिया, जिसमें शामिल पुलिस कर्मियों ने मुखबिर तंत्र के जरिए सुराग जुटाने के साथ घटनास्थल समेत नगर एवं चोरों के भागने के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाकर कुछ संदेहियों को चिन्हित कर लिया। फिर अलग-अलग जगह दबिश देकर ओमजी उर्फ ओमप्रकाश पुत्र संतोष अवस्थी 27 वर्ष, निवासी बरिगवां, आदित्य सिंह उर्फ चंदन पुत्र रूद्रपाल सिंह 27 वर्ष, रवि पाल पुत्र रामबाबू पाल 25 वर्ष, आलोक सिंह पुत्र स्वर्गीय बृजराज सिंह 32 वर्ष और सतीश उर्फ बबलू पुत्र रविशंकर सेन 27 वर्ष, निवासी कृष्णापुर, अकबरावाद, जिला फतेहपुर (यूपी) को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अमावस्या के दौरान चित्रकूट पहुंचकर रेकी के बाद कुछ अन्य बदमाशों के साथ मिलकर बोलेरो चोरी करने के बाद यूपी में ही बेंच डालने का खुलासा कर दिया। तब उनके कब्जे से रेकी में इस्तेमाल की गई कार और वाहन की बिक्री से प्राप्त लगभग 31 हजार नकदी जब्त की गई।
*मंजूर कराई रिमांड*
सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड मंजूर कराई गई है, ताकि गैंग के फरार बदमाशों की जानकारी जुटाने के साथ पूर्व में चित्रकूट में हुई वाहन चोरी की वारदातों का पर्दाफाश किया जा सके।