संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर समरसता का संदेश देने कलश यात्रा का शुभारंभ
राज्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर समरसता संकल्प कलष यात्रा को किया रवाना
----
सतना 20 अगस्त 2026/संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनके जीवन-दर्शन, समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार #सतना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती Pratima Bagri के मुख्य आतिथ्य तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुस्मिता सिंह, जिलाध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद पाण्डेय, पूर्व विधायक श्रीमती ऊषा चौधरी, चित्रकूट से आए संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के अनुयायी संत-महात्मा, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं कलश पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित संत-महात्माओं एवं जनप्रतिनिधियों ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समरसता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने संत रविदास जी के जीवन एवं व्यक्तित्व का स्मरण करते हुए कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को जाति-पंथ से ऊपर उठकर मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता स्थापित करने के लिए प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती केवल एक स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेने का अवसर है। प्रदेश में आयोजित समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों और संदेश को गांव-गांव एवं जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत कलश यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया जाएगा। लोगों को संत रविदास जी के जीवन दर्शन से परिचित कराने के साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में संत-महात्माओं ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन त्याग, भक्ति, सेवा और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव का विरोध करते हुए सभी मनुष्यों को समान मानने का संदेश दिया। उनके विचार सामाजिक एकता और सद्भाव के लिए आज भी मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं, अधिकारियों एवं नागरिकों ने संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में समरसता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने समरसता संकल्प कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
#JansamparkMP
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
67 views | Satna, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026