भोजपुर में बड़ा हादसा: बनास नदी में डूबे छह बच्चे, चार को बचाया गया, दो की तलाश जारी
आरा। भोजपुर जिले के गढ़हनी थाना क्षेत्र के शांति नगर मोहल्ले के पास बनास नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने गए छह बच्चे अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चे अब भी लापता हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शांति नगर मोहल्ले के चार बच्चे और दो बच्चियां नहाने के लिए बनास नदी में गए थे। इसी दौरान सभी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चार बच्चों को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन दो बच्चे गहरे पानी में लापता हो गए। लापता बच्चों की पहचान हिमांशु कुमार (10 वर्ष), पिता चंदन कुमार केसरी और प्रीतम कुमार (10 वर्ष), पिता रविंद्र कुमार केसरी के रूप में हुई है। दोनों शांति नगर के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। एसडीआरएफ की टीम को तत्काल बुलाने की मांग को लेकर लोगों ने आरा-सासाराम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम समय पर नहीं पहुंची। करीब एक घंटे बाद टीम मौके पर पहुंची और लापता बच्चों की तलाश शुरू की।
रात होने के कारण बचाव अभियान में काफी परेशानी हो रही है। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है। वहीं, बच्चों के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गढ़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि छह बच्चे नदी में नहाने गए थे। इनमें से चार को स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया है, जबकि दो बच्चे लापता हैं। एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।