कला उत्सव में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, 12 विधाओं में होगा मुकाबला
जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया दो दिवसीय जिला स्तरीय कला उत्सव का उद्घाटन, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका
जहानाबाद : जिले के छात्र-छात्राओं की छिपी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से मंगलवार को गौतम बुद्ध इंटर स्तरीय विद्यालय (सरस्वती विद्या निकेतन) के प्रांगण में दो दिवसीय जिला स्तरीय कला उत्सव-2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने स्वागत भाषण दिया।शिक्षा विभाग की ओर से समग्र शिक्षा अभियान के तहत आयोजित इस कला उत्सव में जिले के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 12 कला विधाओं को शामिल किया गया है। पहले दिन एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य और समूह नृत्य की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन किया।आयोजन के दूसरे दिन बुधवार, चार नवंबर को शेष आठ विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें वादन, दृश्य कला, नाटक और पारंपरिक कहानी वाचन सहित अन्य विधाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा मंचविद्यालय स्तर पर चयन के बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के चार से पांच मिनट के वीडियो, तस्वीरें और पाठ सारांश तैयार कर राज्य स्तरीय चयन के लिए भेजे जाएंगे। राज्य स्तर पर चयनित विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कला उत्सव जैसे आयोजन बच्चों की रचनात्मक क्षमता को निखारने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। पढ़ाई के साथ कला और संस्कृति से जुड़ाव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जहानाबाद के प्रतिभागी बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक डॉ. रोहित कुमार मिश्र, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गोविंद कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के संगीत शिक्षक, मार्गदर्शक शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 3, 2026