मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में रुद्रप्रयाग का परचम!! प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट निबंध प्रस्तुतिकरण के लिए डीएम विशाल मिश्रा सम्मानित, मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और पूरी टीम की थपथपाई पीठ!!
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में रुद्रप्रयाग के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर जनपद का नाम रोशन किया। कार्यक्रम के तहत आयोजित निबंध प्रस्तुतिकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए जनपद की पूरी टीम को बधाई देते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता और प्रभावी अभिव्यक्ति के गुण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
प्रदेश स्तर पर मिली इस उपलब्धि के बाद जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर प्रदेश स्तर पर जनपद को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों के साथ ही उनके शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग का परिणाम है।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना प्रशासन और शिक्षा विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों को रचनात्मक, ज्ञानवर्धक और प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। प्रदेश स्तर पर मिली यह सफलता रुद्रप्रयाग के शैक्षिक क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।