शादी के सीजन में जाम लगाया तो खैर नहीं: ग्वालियर में मैरिज गार्डन संचालकों को पुलिस का अल्टीमेटम, 35% जगह पार्किंग के लिए रखनी होगी आरक्षित...
ग्वालियर में शादी समारोहों के दौरान सड़कों पर लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एडिशनल एसपी और ट्रैफिक डीएसपी ने मैरिज गार्डन संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने परिसर की करीब 35 प्रतिशत जगह वाहनों की पार्किंग के लिए आरक्षित रखें और व्यवस्था संभालने के लिए अलग से स्टाफ तैनात करें। इसके साथ ही, समारोहों में होने वाली हर्ष फायरिंग की घटनाओं को रोकने के लिए मेहमानों को समझाइश देने की जिम्मेदारी भी संचालकों को सौंपी गई है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि गार्डन के बाहर सड़क पर वाहन खड़े होने से यातायात बाधित हुआ, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।