डीडवाना में सियासी सरगर्मी: पूर्व विधायक चेतन डूडी ने किया उदाराम चौहान के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, सभापति पद की रेस में उभरे मजबूत नाम
डीडवाना।नगर परिषद चुनावों की सरगर्मियों के बीच वार्ड संख्या 32 में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वार्ड संख्या 32 से प्रत्याशी, पूर्व कांग्रेस नगर अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव उदाराम चौहान के चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक चेतन डूडी ने फीता काटकर विधिवत रूप से कार्यालय का शुभारंभ किया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक चेतन डूडी ने कहा कि उदाराम चौहान ने लंबे समय तक संगठन और क्षेत्र की जनता के हित में निष्ठापूर्वक कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने और कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।गौरतलब है कि इस बार डीडवाना नगर परिषद में सभापति की सीट अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित की गई है। इस आरक्षण व्यवस्था के बाद शहर का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। यदि उदाराम चौहान अपने वार्ड से जीत हासिल करते हैं और चुनाव में कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता है, तो सभापति पद के लिए उनका नाम सबसे आगे रहने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों की भारी मौजूदगी रही, जिन्होंने प्रत्याशी का जोरदार स्वागत किया।