लव फन लर्न स्कूल में बाल दिवस पर सजा बाल मेला
बच्चों की दुकानों को अभिभावकों ने खूब सराहा, खरीदारी कर बढ़ाया उत्साह
नोखा। बाल दिवस के अवसर पर लव फन लर्न स्कूल, नोखा में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए। मेले को देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक एवं नोखा के गणमान्य नागरिक पहुंचे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मीनू सिंह ने बताया कि बाल मेले में विद्यार्थियों ने चाट, दही कचौरी, सॉफ्ट चॉकलेट ब्राउनी, पानी पूरी, पाव भाजी, चाऊमीन, बर्गर, समोसे, फल, नींबू सोडा, कोल्ड ड्रिंक्स, पास्ता, पॉपकॉर्न सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए। इसके साथ ही बच्चों ने मनोरंजक गेम्स के स्टॉल भी लगाए। अभिभावकों एवं शिक्षकों ने बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल से खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. श्री नारायण बाहेती ने बताया कि बाल मेले के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, व्यावहारिक ज्ञान, व्यापारिक समझ, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करना है। विद्यार्थियों ने स्वयं स्टॉल लगाने से लेकर वस्तुओं की बिक्री एवं व्यवस्थाओं का संचालन करने तक की जिम्मेदारी उत्साहपूर्वक निभाई।
एडमिन हेड सीमा डे ने बताया कि मेले में पहुंचे सभी आगंतुकों ने बच्चों की रचनात्मकता एवं मेहनत की सराहना की। अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से बच्चों में विशेष खुशी देखने को मिली। बाल मेले ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ जीवन के व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का एक शानदार अवसर प्रदान किया।
Didwana, Nagaur | Nov 14, 2026