आंधी का कहर, पुलिस की तत्परता; नारनौंद पुलिस ने रात में गिरे पेड़ हटवाकर हांसी-जींद मार्ग कराया सुचारु
जेसीबी की मदद से सड़क से हटवाए पेड़, ढाणी ब्राह्मणान से राजथल तक पुलिस ने गश्त कर रास्ता कराया साफ
हांसी पुलिस की तत्परता से रात में ही बहाल हुआ यातायात, आमजन को नहीं होने दी परेशानी
पुलिस अधीक्षक हांसी श्री विनोद कुमार, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हांसी पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपात परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए भी पूरी तत्परता से कार्य किया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में आमजन को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े और यातायात व्यवस्था को शीघ्र सुचारु किया जा सके।
थाना नारनौंद प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ने बताया कि बीती रात तेज हवा एवं आंधी के कारण नारनौंद क्षेत्र में हांसी-जींद मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। पेड़ों के सड़क पर गिरने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई। ऐसी स्थिति में नारनौंद थाना पुलिस ने बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचकर सड़क को यातायात के लिए सुरक्षित एवं सुचारु करवाने की कार्रवाई शुरू की।
रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम
थाना प्रभारी नारनौंद इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात के समय ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने के लिए तत्काल जेसीबी की सहायता ली गई। पुलिस जवानों ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर जेसीबी के साथ सहयोग करते हुए सड़क पर गिरे पेड़ों एवं अन्य अवरोधों को हटवाया।
पुलिस कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत एवं तत्परता के साथ एक-एक कर सड़क पर पड़े पेड़ों को हटवाया और मार्ग को यातायात के लिए खाली करवाया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हांसी-जींद मार्ग पर यातायात को दोबारा सुचारु रूप से चालू करवाया गया।
ढाणी ब्राह्मणान से राजथल तक पुलिस ने की गश्त
इसके साथ ही थाना नारनौंद पुलिस टीम द्वारा ढाणी ब्राह्मणान से राजथल तक मार्ग पर गश्त की गई। पुलिस कर्मचारियों ने मार्ग के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया कि आंधी के कारण कहीं कोई पेड़ या अन्य अवरोध यातायात में बाधा न बन रहा हो। जहां भी पेड़ गिरने से रास्ता प्रभावित हुआ, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए रास्ता साफ करवाया गया।
रात के समय तेज हवा और आंधी के बावजूद पुलिस जवानों ने मौके पर मौजूद रहकर सड़क से अवरोध हटवाने में सहयोग किया। पुलिस की तत्परता से मार्ग पर आवागमन को सामान्य बनाए रखने में मदद मिली और वाहन चालकों को लंबे समय तक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
Uklana, Hissar | Sep 17, 2026