जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के अनुरोध पर पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस नियामक बोर्ड के अधिकारियों द्वारा गोबरसही-डुमरी सड़क पर नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने एवं विस्फोट की घटना की स्वतंत्र जाँच की जा रही है।
आज नियामक बोर्ड के अधिकारियों ने जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाक़ात की तथा जाँच के बारे में अद्यतन प्रगति की जानकारी दी। बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के सभी पहलुओं पर विस्तृत जांच की जा रही है।
नियामक बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी हवा से हल्की गैस होती है। लीक होने पर भी विस्फोट होने की *सामान्यतः* कोई संभावना नहीं रहती है। अधिकारियों ने बताया कि देश के अन्य जगहों पर पूर्व की लीकेज की घटनाओं में ऐसा विस्फोट नहीं हुआ है। गोबरसही में विस्फोट क्यों हुआ इसकी विस्तृत जाँच की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह दुर्घटना किस परिस्थिति में एवं लापरवाही के कारण घटित हुई, इसे ध्यान में रखते हुए इसके विभिन्न पहलुओं की जाँच आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस नियामक बोर्ड से जाँच के लिए अनुरोध किया गया था। जिलाधिकारी ने कहा कि बोर्ड द्वारा स्वतंत्र रूप से इस घटना की विस्तृत जाँच की जा रही है। बोर्ड के अधिकारियों द्वारा घटना स्थल पर जाकर जांच की गई है। आगे भी यह जारी रहेगी। जांचोपरांत इनके द्वारा जाँच प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके आलोक में अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए भी पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस नियामक बोर्ड द्वारा सुझाव दिया जाएगा। इसके आधार पर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसओपी तैयार किया जाएगा जिसका दृढ़ता से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar
मुजफ्फरपुर पुलिस
2 views | Muzaffarpur, Bihar | Nov 6, 2026