हिंदी दिवस पर मुजफ्फरपुर समाहरणालय में गूंजी हिंदी की शपथ, DM कुमार गौरव ने दिलाया राजभाषा के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प
मुजफ्फरपुर। हिंदी दिवस के अवसर पर मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में अधिकारियों एवं कर्मियों ने हिंदी के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी निष्ठा की शपथ ली। जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव ने अधिकारियों एवं कर्मियों को राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि हिंदी केवल हमारी राजभाषा ही नहीं, बल्कि देश की एकता, विविधता और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में हिंदी के सरल, सहज और प्रभावी प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों के साथ प्रशासन का संवाद और अधिक सुगम बनाया जा सकता है।
शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने, राजभाषा की गरिमा बनाए रखने और आम लोगों से सरल एवं सहज भाषा में संवाद स्थापित करने का संकल्प लिया।
DM कुमार गौरव ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में भाषा की सरलता और स्पष्टता बेहद महत्वपूर्ण है। सरकारी योजनाओं, सेवाओं और प्रशासनिक निर्णयों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सरल हिंदी का प्रयोग जरूरी है।
कार्यक्रम में समाहरणालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। हिंदी दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रति जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
#HindiDiwas #हिंदीदिवस #Muzaffarpur #TirhutNow #KumarGaurav