मुंगेर प्रमंडल बना राज्य स्तरीय विद्यालय क्रिकेट अंडर-19 प्रतियोगिता का चैंपियन, फाइनल में पटना को 30 रनों से हराया
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 का फाइनल मुकाबला बुधवार को गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल ने पटना प्रमंडल को 30 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर प्रमंडल ने 20 ओवर में 153 रन बनाए। उत्कर्ष आनंद ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। जवाब में पटना की टीम 19.5 ओवर में 123 रनों पर ऑल आउट हो गई। मुंगेर की ओर से प्रेमकांत ने तीन तथा विद्यानंद ने तीन विकेट हासिल किए। प्रेमकांत को मैन ऑफ द मैच एवं पटना के कुमार सान को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
समापन समारोह में जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन है। सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जिला खेल पदाधिकारी श्री बिट्टू कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शारीरिक शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
IPRD Bihar
Department of Sports
#begusarai
#samratchaudhary