दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा....
दिनांक: 08.10.2026
दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने किया क्षेत्र भ्रमण, बूथों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
आगामी दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत शिक्षक निर्वाचन एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा के क्रम में आज जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा समस्तीपुर सदर प्रखंड एवं नगर परिषद, रोसड़ा का भ्रमण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्वाचन कार्य से संबंधित तैयारियों एवं मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सुविधाओं का स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए निर्धारित सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी द्वारा मतदान केंद्रों पर मतदान कक्ष, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाताओं एवं निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों का पुनः भौतिक सत्यापन कराते हुए जहां कहीं भी कोई कमी अथवा आवश्यकता हो, उसका ससमय निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, मतदान केंद्रों तक सुगम पहुंच, परिसर की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्वाचन से संबंधित तैयारियों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान दिवस से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा या व्यवधान उत्पन्न न हो।
इस क्रम में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों से निर्वाचन तैयारियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने किसी भी स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अली एकराम, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
#दरभंगा_निर्वाचन_क्षेत्र #शिक्षक_निर्वाचन #स्नातक_निर्वाचन #निर्वाचन2026 #समस्तीपुर
#जिलाधिकारी #रोशन_कुशवाहा #election2026
#CmSamrat #samratchoudhary #bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar
Chief Electoral Officer, Bihar
Patna, Bihar | Oct 8, 2026