लंबित कार्यों के निष्पादन में तेजी लाएं अधिकारी : डीएम
लखीसराय। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय विभिन्न समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मद्य निषेध एवं अभियोजन, जिला सड़क सुरक्षा समिति, खनन टास्क फोर्स, जेपी सेनानी सम्मान पेंशन योजना और सैनिक कल्याण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डीएम ने संबंधित विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
मद्य निषेध एवं अभियोजन से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। वहीं, सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और आम लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
खनन टास्क फोर्स की समीक्षा के क्रम में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा जेपी सेनानी सम्मान पेंशन योजना और सैनिक कल्याण से जुड़े मामलों में पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।
डीएम ने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के साथ प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय विश्वजीत कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।