जिलाधिकारी ने शाहकुण्ड प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं नियमित जनता दरबार के दिए निर्देश*
भागलपुर, 28 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पाण्डेय द्वारा आज दिनांक 28.09.2026 को शाहकुण्ड प्रखंड अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में संचालित कार्यों, राजस्व मामलों, जनता दरबार तथा विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में अंचल अधिकारी, शाहकुण्ड कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि सोमवार को निर्धारित जनता दरबार का आयोजन नहीं किया गया था। साथ ही भूमि-विवाद से संबंधित कई परिवाद अंचलाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर भी उनके स्तर से संतुष्ट नजर नहीं आए। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा अंचल अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक सोमवार को जनता दरबार एवं प्रत्येक शनिवार को शनिवारीय भूमि विवाद जनता दरबार का नियमित रूप से आयोजन किया जाए तथा प्राप्त परिवादों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आम जनता से मिलने के लिए कार्यालय में निर्धारित समय की सूचना सूचना-पट्ट पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आमजन अपनी समस्याओं को निर्धारित समय में अंचल अधिकारी के समक्ष रख सकें।
*राजस्व कार्यों की समीक्षा*
विशेष रूप से 75 दिन एवं 120 दिन से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त जमाबंदी अद्यतनीकरण एवं उत्तराधिकार नामांतरण अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को अभियान के लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण*
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा; अंचल अधिकारी, शाहकुंड, कनीय अभियंता, मनरेगा; प्रखंड कृषि पदाधिकारी, शाहकुण्ड सहित अन्य पदाधिकारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
बाल विकास परियोजना कार्यालय का निरीक्षण
बाल विकास परियोजना कार्यालय, शाहकुण्ड के निरीक्षण के दौरान सेविका एवं सहायिका की बैठक में आंगनबाड़ी केन्द्रों से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने पेयजल एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं से वंचित आंगनबाड़ी केन्द्रों को चिह्नित कर प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कम्प्यूटर ऑपरेटर कक्ष में बाहरी व्यक्तियों द्वारा कार्यालय के अभिलेखों से छेड़छाड़/हेरफेर के प्रयास की जानकारी प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर एवं संवेदनशील मामला मानते हुए ऐसी गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लगाने तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन से जुड़े कार्यों एवं शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। जनता दरबार का नियमित आयोजन, कार्यालय में पदाधिकारियों की उपलब्धता तथा लंबित राजस्व मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
#CMSamrat
#samratchoudhary
34 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 29, 2026