मुख्यमंत्री आवास में गूंजा पहाड़ का भैलो, लोकगीतों और नृत्य से सजी इगास की शाम
लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ी उल्लास की शानदार झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भैलो खेलकर लोक परंपरा का निर्वहन किया और प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं दीं।
लोकगीतों की मधुर धुन, पारंपरिक लोकनृत्य, पहाड़ी वेशभूषा और भैलो की उमंग ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी संस्कृति, बोली-भाषा, रीति-रिवाजों और लोक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि इगास जैसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और पूर्वजों की समृद्ध विरासत के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि आधुनिकता के दौर में अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। लोकपर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, अपने गांव और अपनी विरासत से जुड़ने का माध्यम हैं।