Bihar news : खेत की जुताई के दौरान करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम। इनरवा थाना क्षेत्र के इनरवा गांव के समीप चिमनी के पास मंगलवार अहले सुबह खेत की जुताई करने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी, बच्चों और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, शिवजी पंडित 35 वर्षीय मंगलवार अहले सुबह ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान कुछ किसानों ने खेत में पटवन के लिए बिजली का तार बांस के सहारे टांग रखा था। अचानक बिजली का तार ट्रैक्टर के साइलेंसर से सट गया। इसके बाद जोरदार आवाज हुई और ट्रैक्टर अचानक रुक गया। आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां शिवजी पंडित करंट की चपेट में आकर अचेत पड़े थे। बताया जाता है कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनाटाड़ ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिजनों को उनके जीवित होने की उम्मीद थी। इसी आस में वे उन्हें लेकर बेतिया भी पहुंचे, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी झुन्नी देवी, 14 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी और आठ वर्षीय दो पुत्रों रोहित कुमार व रंजन कुमार को छोड़ गए हैं। वहीं पिता राजेन्द्र पंडित और मां सुदामा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ परिवार के मुखिया को खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।उधर शव का पोस्टमार्टम बेतिया मे किया गया। इस संबंध में इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
#WestChamparan #Mainatand #Inarwa #BiharNews #FarmerDeath #ElectricShock #ElectricityAccident #TractorAccident #BreakingNews #LocalNews #BettiahNews #BiharPolice #RuralNews #SadNews #latestnews
Bettiah, West Champaran | Nov 24, 2026