विकास का मॉडल बनी डीडवाना की ललासरी ग्राम पंचायत, 90% साक्षरता और सांपों के देवता 'केसरिया कंवर जी' का मंदिर बना मुख्य पहचान
डीडवाना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत ललासरी इन दिनों अपने अनूठे विकास कार्यों, उच्च साक्षरता दर और सांस्कृतिक धरोहर के कारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए ग्राम पंचायत की प्रशासक फेफी देवी के नेतृत्व में गांव में बिना किसी भेदभाव के चौमुखी विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।4,500 से अधिक आबादी वाली इस ग्राम पंचायत की सबसे बड़ी खासियत यहाँ की 90% साक्षरता दर है। गांव की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर टिकी है; लगभग 90% ग्रामीण खेती-किसानी से जीवन यापन करते हैं, जबकि 5 से 10% लोग सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। बैंकिंग सुविधाओं के मामले में भी यह गांव भाग्यशाली है, जहाँ ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्लभ मानी जाने वाली पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा संचालित है।ललासरी गांव की सबसे मुख्य पहचान यहाँ स्थित 'केसरिया कंवर जी' का ऐतिहासिक मंदिर है, जिन्हें सांपों के देवता के रूप में पूजा जाता है।लोक मान्यता है कि सर्पदंश (सांप के काटने) से पीड़ित व्यक्ति यदि यहाँ दर्शन करने या झाड़-फूंक कराने आता है, तो उसकी मनोकामना पूरी होती है और उसे राहत मिलती है।यहाँ वर्ष में एक बार विशाल मेले का आयोजन होता है तथा अखंड पाठ किया जाता है। मंदिर परिसर में लंबे समय से श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किए गए नारियलों का एक विशाल ढेर लगा हुआ है, जो लोगों की अटूट श्रद्धा को दर्शाता है।राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अन्य राज्यों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहाँ शीश नवाजने पहुँचते हैं।गांव में जल संरक्षण का प्राचीन माध्यम एक विशाल पक्का तालाब है। अतीत में जब पानी की भीषण किल्लत होती थी, तब यह तालाब पूरे गांव के लिए पेयजल का मुख्य स्रोत हुआ करता था और इसका पानी लगभग एक साल तक निर्बाध रूप से चलता था। वर्तमान में गांव में नहरी पानी की आपूर्ति शुरू हो जाने से तालाब पर निर्भरता कम हो गई है, लेकिन यह आज भी गांव की ऐतिहासिक धरोहर के रूप में मौजूद है।भौगोलिक दृष्टि से लालासारी एमडीआर 181 सीकर-पुस्कर-अजमेर मार्ग से सीधा जुड़ा हुआ है। यह ग्राम पंचायत जिला मुख्यालय से महज 16 किलोमीटर और सीकर से 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुगमता रहती है।ग्राम सेवक हरि सिंह एवं पंचायत प्रशासन के तालमेल से ललासरी आज न केवल विकास के पथ पर अग्रसर है, बल्कि अपनी सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था के बल पर पूरे जिले में एक मिसाल कायम कर रहा है।
Didwana, Nagaur | Aug 22, 2026