उमरौली में राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने लगाई रात्रि चौपाल, योजनाओं की दी जानकारी
हरदोई, 7 जून। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक संचालित वृहद जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत शनिवार को शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड टोडरपुर की ग्राम पंचायत उमरौली में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी ने की।
रात्रि चौपाल में राज्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा जनता की शिकायतों और समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख श्याम बाबू त्रिवेदी, परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय, डीएसटीओ राम प्रकाश, खंड विकास अधिकारी अरविंद राजपूत, नायब तहसीलदार प्रणव पाण्डेय, प्रधान प्रतिनिधि अवनीश अग्निहोत्री सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने ग्राम पंचायत उमरौली में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है और यह केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने के लिए सभी को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
पौधरोपण कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।