उद्यम संवाद में स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी, सफल उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत ग्यारसपुर के आजीविका भवन में उद्यम संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बासौदा विधायक हरिसिंह रघुवंशी भोपाल संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न विभागों के प्रशासनिक एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उद्यम संवाद का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं तथा स्वसहायता समूहों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर अपना व्यवसाय स्थापित करने वाले उद्यमियों से संवाद किया गया।
स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी -
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, संत रविदास योजना सहित स्वसहायता समूहों के माध्यम से संचालित विभिन्न उद्यम गतिविधियों की जानकारी दी गई। उपस्थित उद्यमियों एवं इच्छुक हितग्राहियों को योजनाओं की पात्रता, ऋण एवं सहायता संबंधी प्रावधानों तथा स्वरोजगार स्थापित करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस अवसर पर सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने अपने व्यवसाय प्रारंभ किए और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने अन्य युवाओं एवं ग्रामीण नागरिकों को भी उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
एमपी ऑनलाइन एवं कियोस्क सेंटर की सराहना -
संवाद के दौरान स्वसहायता समूह से जुड़ी श्रीमती पूजा प्रजापति द्वारा संचालित एमपी ऑनलाइन एवं कियोस्क सेंटर की विशेष रूप से सराहना की गई। विधायक महोदय ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल संबंधित व्यक्ति स्वयं का सफल उद्यम स्थापित करता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा इस प्रकार के उद्यम संचालित करना अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं को भी नई गतिविधियां अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
मौके पर किया समस्याओं का निराकरण -
उद्यम संवाद में उपस्थित उद्यमियों एवं हितग्राहियों को शासन की स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उद्यमियों द्वारा योजनाओं से संबंधित अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही उनके त्वरित निराकरण की कार्यवाही की तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने, युवाओं एवं महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। उद्यम संवाद में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और उद्यमियों के बीच सीधे संवाद से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा पर बल दिया गया है। #Vidisha #JansamparkMP
Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026