संभागायुक्त ने स्कूली बच्चों के साथ भोजन कर परखी गुणवत्ता
..
भोपाल संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को विदिशा जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के साथ ग्यारसपुर विकासखंड के ग्राम अटारी खेजड़ा स्थित प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संभागायुक्त श्री शर्मा ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति सहित विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया गया। संभागायुक्त श्री शर्मा , कलेक्टर श्री गुप्ता ने संयुक्त रूप से स्वयं भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं व्यवस्था को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजना के तहत बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली।
संभागायुक्त श्री शर्मा ने कहा कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ पौष्टिक भोजन की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना का उद्देश्य बच्चों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराकर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता और उपस्थिति को बढ़ावा देना है। इसलिए भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की टास्क मैनेजर श्रीमती कीर्ति चौहान ने योजना के मापदंडों और क्रियान्वयन तथा खाना बनाने वाले रसोईयों की शीडिग कार्यों की सामान्य जानकारी सांझा की इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। #Vidisha #JansamparkMP