महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता को मजबूत करें : विधायक श्री हरिशंकर खटीक
-
सद्भावना समाज की एकता और प्रगति का आधार, आपसी सम्मान एवं सहयोग से मजबूत होगी समरसता : श्रीमती सरोज राजपूत
-
विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने क्षेत्र में कराए विकास कार्यों की दी जानकारी
-
बम्होरी बराना में अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर एवं सामूहिक सहभोज आयोजित
-
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर पलेरा विकासखंड के ग्राम बम्होरी बराना स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक के मुख्य आतिथ्य में आज अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर एवं सामूहिक सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, समानता, सद्भावना और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर लोक गायकों की मंडली द्वारा मनमोहक बुंदेली सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने कहा कि महात्मा गांधी ने समाज में समानता, स्वच्छता, भाईचारे और सद्भावना की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। सामाजिक समरसता तभी मजबूत होगी, जब हम जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि अस्पृश्यता जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना और समाज में आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जतारा विधायक श्री खटीक ने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बम्होरी कला में पुलिस थाने का निर्माण लगभग 1 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इसी प्रकार नल-जल योजना पर लगभग 4 करोड़ 77 लाख रुपये तथा अस्पताल भवन का निर्माण लगभग 5 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से किया गया है। उन्होंने बताया कि बान सुजारा योजना का लाभ क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए भी पाइपलाइन संबंधी अन्य सभी कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही बम्होरी में सांदीपनि विद्यालय की स्थापना के लिए भी प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि पठाघाट सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने उपस्थितजनों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया।
श्रीमती सरोज राजपूत ने कहा कि सद्भावना समाज की एकता और प्रगति का आधार है। आपसी सम्मान, सहयोग और विश्वास से ही समाज में स्थायी शांति एवं समरसता स्थापित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर मिल-जुलकर रहने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने से सामाजिक दूरी कम होगी और भाईचारे की भावना मजबूत होगी।
मंचीय कार्यक्रम को जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़ एवं अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह ने भी संबोधित किया। उन्होंने सामाजिक समरसता एवं सद्भावना को समाज की एकजुटता का आधार बताते हुए सभी वर्गों के बीच समानता, सम्मान और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के साथ समरसता सहभोज आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आमजनों ने एक साथ बैठकर सहभोज में सहभागिता की। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक समानता, आपसी सद्भाव और समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में श्री मनोज देवलिया, श्रीमती प्रीति शर्मा, श्री अंकित तोमर, श्री स्वप्निल तिवारी, श्रीमती संध्या सोनी, श्री आदित्य परमार, श्री गणेश आदिवासी, श्री मुकेश अहिरवार, श्री रघुवीर राजपूत, श्री महेंद्र कुशवाहा, श्री मनोज सिंह, श्री रोहित चौरसिया सहित स्कूली विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह, एसडीएम जतारा श्री नीरज खरे, थाना प्रभारी श्रीमती नीतू खटीक, जिला संयोजक आदिम जाति एवं कल्याण विभाग श्री मुकेश पालीवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक आदिम जाति एवं कल्याण विभाग श्री मुकेश पालीवाल ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
Hari Shankar Khatik
Saroj Rajput
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
#GandhiJayanti
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh