गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 15 बांग्लादेशी नागरिकों को लिया हिरासत में।
पी.ओ. स्टाफ, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा की गई कार्यवाही में पकड़े गए सभी 15 बांग्लादेशी नागरिकों को भेजा मानेसर के डिटेंशन सेंटर।
`गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 9 नवंबर । भारत सरकार के दिशा-निर्देशों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर P/SI रोहित प्रभारी पीओ स्टाफ मुख्यालय, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 15 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।
यह कार्यवाही गुप्त सूचनाओं एवं गहन जांच-पड़ताल के आधार पर पीओ स्टाफ गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा बजघेड़ा, गुरुग्राम क्षेत्र में की गई।
जांच के दौरान हिरासत में लिए गए सभी 15 व्यक्तियों (1 महिला सहित) के पास से बांग्लादेश से संबंधित पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज होने की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में इनके पास भारत में रहने के लिए वैध वीजा, पासपोर्ट अथवा अन्य आवश्यक अनुमति नहीं पाई गई।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति बांग्लादेश के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। अवैध रूप से भारत में रह रहे ये 15 बांग्लादेशी नागरिक दलाल के माध्यम से विभिन्न माध्यमों जैसे पानी से होते हुए,तार बाड़ पार करके तथा पाइप के माध्यम से पश्चिम-बंगाल से होते हुए गुरुग्राम पहुंचे थे तथा अवैध रूप से यहां रह रहे थे।
पीओ स्टाफ, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा सभी 15 बांग्लादेशी नागरिकों को डिटेंशन सेंटर, मानेसर भेज दिया गया है। इनके संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान एवं उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने का अभियान निरंतर जारी है।