गयाजी में चित्रांश समाज की भव्य शोभायात्रा, ऊंट-घोड़े और पंजाबी कलाकारों के करतबों ने मोहा मन
गयाजी। भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा के बाद गुरुवार को गयाजी में चित्रांश समाज ने भव्य शोभायात्रा सह सामूहिक मूर्ति विसर्जन का आयोजन किया। ऊंट-घोड़े, सजी-धजी बग्घी, आकर्षक झांकियां और पंजाब से आए सिख संगत के कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने शोभायात्रा को यादगार बना दिया। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा की शुरुआत नई गोदाम से हुई। यहां से श्रद्धालुओं का विशाल कारवां जीबी रोड होते हुए रुक्मिणी तालाब पहुंचा। शोभायात्रा में पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुबोध कांत सहाय और मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान भी शामिल हुए।
इस आयोजन की खासियत रही कि शहर के अलग-अलग मोहल्लों में पूजा समितियों द्वारा स्थापित भगवान चित्रगुप्त की दर्जनों प्रतिमाओं को एक साथ शोभायात्रा में शामिल किया गया। इसके बाद रुक्मिणी तालाब में विधि-विधान के साथ सामूहिक विसर्जन किया गया।
इस मौके पर मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि सामूहिक आयोजन का उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारा और एकजुटता का संदेश देना है। इसमें कायस्थ समाज के साथ अन्य समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने अगले वर्ष भी इसी उत्साह से आयोजन करने की बात कही।
कार्यक्रम में विपिन कुमार सिन्हा, कुमार गौरव, विकास दफ्तुआर, उदय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#srivastav
#chitguptpuja
#gayadastak
#gayapolicenews
#गयापुलिस
#गयाजी
#sinhasamaj