छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न छठ घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण
घाटों पर साफ-सफाई, पहुंच पथ के समतलीकरण, पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, वॉच टावर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया निर्देश।
भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को किया गया निर्देशित।
गया, 13 नवंबर 2026, छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक गया श्री सुशील कुमार द्वारा संयुक्त रूप से गया जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख छठ घाटों पर पहुंचकर वहां की वर्तमान स्थिति, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्य रूप से मानपुर सिक्सलेन पुल के नीचे स्थित भास्कर घाट, मानपुर मलाहटौली घाट, राय बिंदेश्वरी घाट, किरानी घाट एवं सीढ़िया घाट का निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी घाटों पर आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण कर ली जाएं, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
जिला पदाधिकारी ने सभी छठ घाटों पर विशेष अभियान चलाकर बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों एवं पहुंच पथों का समुचित समतलीकरण कराने को कहा, ताकि व्रतियों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक स्थानों पर चेंजिंग रूम का निर्माण कराने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, घाटों पर श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने तथा भीड़ की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पर्याप्त संख्या में वॉच टावर स्थापित कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पहले से ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, प्रत्येक घाट पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए, ताकि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रहे।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी छठ घाटों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों के प्रवेश एवं निकास द्वार के समीप पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन व्यवस्थित तरीके से हो सके तथा किसी भी स्थिति में अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो। उन्होंने सभी घाटों पर प्रभावी भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग कराई जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाए तथा घाटों के आसपास अनियंत्रित वाहन परिचालन एवं अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए। प्रवेश एवं निकास मार्गों को सुव्यवस्थित रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर माननीय विधायक, वजीरगंज, नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, गया नगर निगम, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी, सदर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
CMO Bihar Samrat Choudhary Information & Public Relations Department, Government of Bihar DD News Bihar GAYA Police
#ChhathMahaparv #GayaJi #Chhath2026 #SafeChhath #GayaDistrict
Gaya, Bihar | Nov 13, 2026