सर्व ब्राह्मण समाज संगठन की समीक्षा बैठक संपन्न
20 दिसंबर को होगा अखिल भारतीय नर्मदांचल युवक-युवती परिचय सम्मेलन
अनोखा तीर, हरदा। सर्व ब्राह्मण समाज संगठन हरदा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी आयोजनों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सामाजिक बंधुओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर सुझाव दिए।
बैठक में शिक्षक दिवस के अवसर पर स्वर्गीय मनोहरलाल शर्मा की स्मृति में आयोजित परशुराम शिक्षा रत्न सम्मान समारोह के कार्यक्रम की समीक्षा की गई। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सफल आयोजन और आगामी कार्ययोजना पर सदस्यों ने चर्चा की।
संगठन के जिलाध्यक्ष सुनील तिवारी ने बताया कि आगामी समय में संगठन द्वारा अखिल भारतीय नर्मदांचल युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाना है। बैठक में सर्वसम्मति से परिचय सम्मेलन के लिए 20 दिसंबर की तारीख निर्धारित की गई।
इसके अलावा महिला संगठन द्वारा एक दिवसीय गरबा आयोजन किए जाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान सर्व ब्राह्मण समाज के घटक दल दाधीच ब्राह्मण समाज के नवनियुक्त युवा अध्यक्ष नितिन पांचोली का सम्मान किया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इसी दौरान संगठन के जिला उपाध्यक्ष रोहित तिवारी की दादीजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
अंत में संगठन के महामंत्री उत्तम तेनगुरिया ने बैठक में उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया।
Harda, Harda | Sep 13, 2026