मणिमहेश यात्रा में बुधवार को उमड़ा आस्था का सैलाब, 2650 श्रद्धालु पैदल रवाना
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 9 सितंबर।
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान बुधवार को भी श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर रही। हड़सर, भरमौर और होली से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र मणिमहेश धाम एवं कैलाश पर्वत के दर्शन के लिए रवाना हुए। मौसम की परिस्थितियों के बीच श्रद्धालुओं का कैलाश की ओर बढ़ने का क्रम दिनभर जारी रहा।
उपमंडल अधिकारी (नागरिक) भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को शाम छह बजे तक हड़सर से करीब 2650 श्रद्धालु पैदल यात्रा मार्ग से मणिमहेश धाम के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं ने निर्धारित पैदल मार्ग से आगे बढ़ते हुए पवित्र डल झील और कैलाश के दर्शन की ओर कदम बढ़ाए।
यात्रियों की सुविधा के लिए हेली टैक्सी सेवा भी लगातार संचालित की जा रही है। एसडीएम के अनुसार बुधवार को भरमौर से गौरीकुंड के बीच हेली टैक्सी की 60 उड़ानें संचालित हुईं। इन उड़ानों के माध्यम से करीब 320 श्रद्धालु भरमौर से गौरीकुंड पहुंचे, जबकि लगभग 300 श्रद्धालुओं ने गौरीकुंड से भरमौर लौटने के लिए हवाई सेवा का लाभ उठाया।
वहीं, होली से कलाह के रास्ते मणिमहेश जाने वाले पैदल मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। बुधवार को शाम चार बजे तक इस मार्ग से 28 श्रद्धालु कैलाश दर्शन के लिए रवाना हुए।
प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पैदल और हवाई दोनों मार्गों से श्रद्धालुओं के पहुंचने से मणिमहेश यात्रा में लगातार रौनक बनी हुई है।