#Balrampur ! भाईचारे की मिठास लेकर दलित समाज के बीच पहुंचे हसीब खान, एक लाख मिठाई के डिब्बे बांटने का लक्ष्य...
भाई दूज पर बंगाली नाथ समाज के लोगों से मिलकर साझा की दीपावली की खुशियां, अतरनाथ ने की पहल की सराहना...
#उतरौला (#बलरामपुर)। दीपावली और भाई दूज के पर्व पर गरीबों व जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांटने का सिलसिला कांग्रेस नेता हसीब खान की ओर से लगातार जारी है। दीपावली के पावन पर्व से ही वह अपनी टीम के साथ उतरौला विधानसभा क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर मिठाई के डिब्बे वितरित कर रहे हैं। उनका लक्ष्य एक लाख मिठाई के डिब्बे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना है। अब तक हजारों डिब्बों का वितरण किया जा चुका है। यह अभियान छठ पूजा तक जारी रहेगा।
इसी क्रम में बुधवार को हसीब खान बंगाली नाथ (दलित समाज) के राष्ट्रीय महामंत्री अतरनाथ से मिलने पहुंचे। यहां उन्होंने समाज के लोगों के साथ दीपावली और भाई दूज की खुशियां साझा कीं तथा मिठाई बांटकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। समाज के लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए हसीब खान को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इस दौरान बंगाली नाथ समाज के राष्ट्रीय महामंत्री अतरनाथ ने कहा कि हसीब खान का समाज के बीच पहुंचना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी नेता ने उनके समाज के लोगों के बीच आकर इस तरह खुशियां साझा करने की पहल नहीं की। करीब 50 वर्षों से वह देख रहे हैं कि राजनीतिक लोग उनके समाज से दूरी बनाए रखते हैं। सुख-दुख के अवसरों पर भी कोई उनकी सुध लेने नहीं पहुंचता।
उन्होंने कहा कि हसीब खान ने समाज के लोगों के बीच पहुंचकर अपनत्व का परिचय दिया है। इस मौके पर अतरनाथ सहित मौजूद बुजुर्गों और समाज के लोगों ने हसीब खान को आगामी विधानसभा चुनाव में विजयी होने का आशीर्वाद और दुआएं भी दीं।
हसीब खान की इस पहल को सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और जरूरतमंदों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
Balrampur, Balrampur | Nov 11, 2026