जालौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालपी बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार हत्याकांड का महज एक दिन के अंदर खुलासा कर दिया है।
अधिवक्ता के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, गाड़ी बरामदगी के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें जवाबी फायरिंग के दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए।
मामले में पुलिस जांच के दौरान हत्या की साजिश और सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाने की बात सामने आई है।
दरअसल, 31 अक्टूबर को कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार का केस के सिलसिले में बातचीत और चाय पीने के बहाने अपहरण कर लिया गया था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आठ थानों की टीमों के साथ सघन अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने सचेंडी के पास अधिवक्ता का शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, मामले में इंद्रजीत यादव की भूमिका सामने आई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इंद्रजीत यादव ने पैसे देकर मोनू यादव और उसके साथियों के जरिए हत्या की वारदात को अंजाम दिलवाया था।
वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस जब हत्या में इस्तेमाल कार बरामद करने पहुंची, तभी जंगल में छिपे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सर्वेश शुक्ला उर्फ सब्बू और आशीष विश्वकर्मा गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी केशव कटियार को गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोनू यादव अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
Jalaun, Jalaun | Nov 2, 2026