उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में धूमधाम से मना दीपावली उत्सव, रंगोलियों में दिखी बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा
बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंग-बिरंगी रंगोलियों से विद्यालय परिसर दीपावली के रंगों में सराबोर नजर आया। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के जरिए त्योहार की खुशियों और सांस्कृतिक परंपराओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली खुशियों, प्रेम, आपसी सद्भाव और प्रकाश का पर्व है। उन्होंने बच्चों से सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने तथा पटाखों के प्रयोग में विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी ने कहा कि दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और जीवन में सकारात्मकता अपनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बच्चों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
वहीं प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोलियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ ही उनमें सहयोग, एकता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे विद्यालय में उल्लास और उत्सव का माहौल रहा।
Basti, Basti | Nov 6, 2026