टीएल बैठक में कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा
लख्खी मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, स्वामित्व योजना में प्रगति लाने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में 9 नवंबर से रतनगढ़ माता मंदिर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध लख्खी मेले की तैयारियों सहित विभिन्न विभागों के कार्यों एवं समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने मेले में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने आवंटित क्षेत्रों का पूर्व भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बंदरों के रेस्क्यू के लिए पर्याप्त पिंजरों एवं टीम की व्यवस्था, बांध से नदी में पानी नहीं छोड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय तथा खाद्य सामग्री की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। मंदिर क्षेत्र की दुकानों में गैस सिलेंडर एवं ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने को भी कहा।
स्वामित्व योजना एवं मंडियों की व्यवस्था पर विशेष जोर
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के लिए राजस्व अधिकारियों को बुधवार तक लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। मंडियों का नियमित निरीक्षण कर किसानों को उपज का उचित मूल्य एवं समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा एमएसपी से कम दर पर खरीदी और कच्ची पर्ची से भुगतान जैसी अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर सख्ती
बैठक में नल-जल योजनाओं, पेंशन, बिजली बिलों के भुगतान, आरसीएमएस, लोक सेवा गारंटी एवं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने तथा निर्धारित समय-सीमा से बाहर हुए प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों पर जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
आगामी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत चिरूला में आयोजित होने वाले शिविर में सभी विभागों को अधिक से अधिक आवेदनों पर सुनवाई कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#दतिया #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #datia #MadhyaPradesh
7 views | Datia, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026