पथरिया में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ लूट का आरोपी सागर जिले से गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
मामले में एसपी आनंद कलादगी ने थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर 3 पुलिसकर्मियों को किया था निलंबित
दमोह। पथरिया थाना पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए लूट के आरोपी भोला आदिवासी को पुलिस ने मंगलवार को सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र के बरोदिया से गिरफ्तार कर लिया। पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने शाम को मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी बरोदिया में रिश्तेदारों के यहां रहकर मजदूरी कर रहा था और राजस्थान जाने की तैयारी में था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया और पथरिया लाया, जहां मंगलवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में उस पर अतिरिक्त प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में लापरवाही पर पथरिया थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी को लाइन अटैच तथा तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था।
Damoh, Damoh | Sep 15, 2026