शासकीय महाविद्यालय निवाड़ी में गुरु रविदास महाराज के समतामूलक विचारों के साथ विद्यार्थियों ने लिया सामाजिक एकता और सद्भाव का संकल्प
--
निवाड़ी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन प्राचार्य डॉ एम एन खान के मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संत रविदास महाराज के समतामूलक विचारों, सामाजिक समरसता, मानवता, भाईचारे और समानता के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुँचाना तथा उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में डॉ. वीरेन्द्र अहिरवार विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में गुरु रविदास महाराज के जीवन-दर्शन और उनके सामाजिक चिंतन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समरस समाज का निर्माण केवल विचारों से नहीं, बल्कि व्यवहार में समानता, सम्मान और मानवीय संवेदनाओं को अपनाने से संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।
कार्यक्रम का संयोजन श्री संतोष रजक जी ने किया/ डॉ. जितेन्द्र आरोलिया एवं डॉ. नीलम सिंह जी के मार्गदर्शन में भाषण एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संत रविदास महाराज के विचारों, सामाजिक समरसता और समानता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रश्न मंच के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान और तार्किक क्षमता का भी परिचय दिया।
भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान वेद प्रकाश पांडे द्वितीय स्थान विशेष मिश्रा तृतीय भावना कुशवाहा एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में प्रथम प्रिंस स्नेही द्वितीय सविता केवट तृतीय स्थान सुरेश अहिरवार रहे। तन्मय चतुर्वेदी, भावना कुशवाहा, मोहिनी कुशवाह, अभय कुशवाह ने विचार व्यक्त किए मंच संचालन पूजा कुशवाह ने किया और आभार साहिल झा ने व्यक्त किया।
#SantRavidasJayanti #jansamparkMP #niwari