एसडीएम पृथ्वीपुर विनीता जैन ने आईटीआई एवं स्कूलों का किया औचक निरीक्षण
--
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पृथ्वीपुर सुश्री विनीता जैन ने आज क्षेत्र में संचालित शासकीय आईटीआई एवं विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, कक्षाओं की स्थिति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
आईटीआई के निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, प्रायोगिक प्रशिक्षण, उपकरणों की उपलब्धता एवं संस्थान की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्था प्रभारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ-साथ संस्थानों में स्वच्छता एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए।
सुश्री विनीता जैन ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन एवं प्रशिक्षण के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संस्था प्रभारी उपस्थित रहे।
#inspection #DistrictAdministration #jansamparkMP #niwari