स्काउट-गाइड का 77वां स्थापना दिवस जिले में उत्साहपूर्वक मनाया गया
________________
स्थापना सप्ताह के अंतर्गत विद्यालयों में आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रम
________________
खरगोन 14 नवंबर 2026। भारत स्काउट एवं गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में स्काउट-गाइड का 77वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर स्थापना सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्काउट-गाइड दलों द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्थापना दिवस के अवसर पर संभागीय कार्यालय इंदौर से प्राप्त ध्वज स्टीकर का वितरण संदीपनी विद्यालयों, उत्कृष्ट विद्यालय एवं कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय में किया गया। साथ ही स्टीकर की निर्धारित राशि का संकलन भी किया जा रहा है। स्थापना सप्ताह के दौरान विद्यालयों में स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संगठन के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई।
14 नवंबर को स्थापना सप्ताह के अंतिम दिवस जिला कमिश्नर स्काउट एवं सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग डॉ. कविता आर्य को संयुक्त सचिव श्रीमती लता चौहान द्वारा स्थापना दिवस का ध्वज स्टीकर लगाया गया।
इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त एवं जिला सचिव श्री पुरुषोत्तम चौहान द्वारा कार्यालय में जिला कमिश्नर एवं सहायक संचालक श्री महेश कुमार निशोध को स्काउट-गाइड का स्कार्फ पहनाकर ध्वज स्टीकर लगाया गया। साथ ही उन्हें स्थापना दिवस एवं स्थापना सप्ताह के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
स्काउट-गाइड संगठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, सहयोग एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है। स्थापना दिवस के माध्यम से इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
#JansamparkMP #khargone