आदिवासी अंचल को टीबी मुक्त बनाने अभियान का शुभारंभ
________________
खरगोन के सेगांव, भगवानपुरा और झिरन्या ब्लॉक में लगेंगे निःशुल्क जांच शिविर
________________
गांवों में ही होगी छाती का एक्स-रे और बलगम की जांच, स्वास्थ्य टीम घर-घर पहुंचकर करेगी जागरूक
________________
खरगोन 13 नवंबर 2026। जनजातीय क्षेत्रों को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में ‘टीबी मुक्त जनजाति अभियान’ की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत सेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच शिविर का शुभारंभ किया गया। जिला क्षय अधिकारी डॉ. हर्ष महाजन एवं पिरामल स्वास्थ्य की प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. रक्षा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर स्वास्थ्य टीम को रवाना किया।
इस अवसर पर डॉ. हर्ष महाजन ने अभियान के सफल संचालन के लिए पिरामल स्वास्थ्य की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में पिरामल स्वास्थ्य सराहनीय कार्य कर रहा है।
पिरामल स्वास्थ्य की प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. रक्षा गुप्ता ने बताया कि सेंट्रल टीबी डिवीजन के समन्वय एवं स्टॉप टीबी पार्टनरशिप के सहयोग से पिरामल स्वास्थ्य द्वारा देश के 10 राज्यों में पायलट आधार पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य आदिवासी बहुल क्षेत्रों में टीबी की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें टीबी मुक्त बनाना है।
राज्य स्तर से प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. विकास जैन ने बताया कि खरगोन जिले के सेगांव, भगवानपुरा और झिरन्या विकासखंड को इस अभियान के लिए चिन्हित किया गया है। इन विकासखंडों के विभिन्न गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच के साथ छाती का एक्स-रे एवं बलगम की जांच की सुविधा भी गांव में ही उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्रामीणों को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और टीबी की समय पर पहचान संभव हो सकेगी।
कार्यक्रम में पिरामल स्वास्थ्य से डॉ. आदिल सफी, श्री संतोष सावनेर, श्रीमती नेहा नागर, श्री सुधांशु कुमार सहित टीम के सदस्य, बीपीएम श्रीमती ममता मुकाती, श्रीमती मोनिका गुप्ता, श्री कैलाश क्षेत्रे, एसटीएस श्री हरे सिंह चौहान, श्री प्रवीण गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone