पढ़ाई को तनावमुक्त होकर लक्ष्य तय करें, जीवन को उत्सव की तरह जीएं
________________
कन्या हायर सेकंडरी स्कूल भीकनगांव में राज्य आनंद संस्थान ने आयोजित किया आनंद अल्पविराम कार्यक्रम
________________
छात्राओं को ध्यान, मेडिटेशन और गतिविधियों के माध्यम से सिखाई तनावमुक्त एवं आनंदमय जीवन जीने की कला
________________
क्रोध, ईर्ष्या, नफरत और लालच जैसे भावों से दूर रहकर सकारात्मक सोच अपनाने का दिया संदेश
________________
खरगोन 13 नवंबर 2026। राज्य आनंद संस्थान द्वारा कन्या हायर सेकंडरी स्कूल भीकनगांव में कक्षा दसवीं की छात्राओं के लिए आनंद अल्पविराम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई के तनाव से मुक्त रखते हुए जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और आनंद के महत्व से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने विचार साझा करते हुए बताया कि उन्हें छोटी-छोटी बातों पर क्रोध आता है और पढ़ाई को लेकर तनाव बना रहता है। इस पर जिला समन्वयक श्री के.बी. मंसारे ने कहा कि हमें संसाधनों की कमी को लेकर तनाव नहीं रखना चाहिए। राज्य आनंद संस्थान के अल्पविराम कार्यक्रमों से जुड़कर आनंदमय जीवन जीने की कला सीखी जा सकती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सांदीपनि विद्यालयों में आनंद सभा पाठ्यक्रम भी लागू किया गया है।
कार्यक्रम में शांत समय और मेडिटेशन के माध्यम से छात्राओं को तनावमुक्त रहने के तरीके बताए गए। उन्होंने कहा कि जीवन को बोझ नहीं, बल्कि उत्सव की तरह जीना चाहिए। तीस सेकंड की ताली गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को खूब हंसाया गया। वहीं 'आनंद की ओर' सत्र के दौरान सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पांच मिनट के शांत समय के अभ्यास से छात्राओं ने स्वयं के भीतर आनंद को महसूस किया।
श्री मंसारे ने कहा कि अहंकार, नफरत, जलन, लालच और क्रोध जैसे भाव तनाव का कारण बनते हैं। इनसे बाहर निकलकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए तथा जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरे उत्साह के साथ पढ़ाई करनी चाहिए।
#JansamparkMP #khargone