सांसद जय प्रकाश रावत ने दिशा बैठक में अधिकारियों को लगाई फटकार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
हरदोई। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में सांसद जय प्रकाश रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं और जनसमस्याओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ईसीसी एजुकेटर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। सांसद ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मामलों का गंभीरता से निस्तारण कर संबंधित जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी देना भी सुनिश्चित किया जाए।
खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित रूप से अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग करने और मिलावटी एवं अधोमानक खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने, निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जल निगम को पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पुनर्निर्माण कराने तथा पेयजल आपूर्ति और लीकेज संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए। सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराने तथा ओवररेटिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
सांसद ने सिंचाई बंधु की बैठक नियमित कराने, पर्यटन विभाग की सभी परियोजनाओं पर शिलापट लगाने तथा समाज कल्याण विभाग को पेंशन संबंधी मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आबकारी, नगर निकाय, पंचायतीराज, आवास योजनाओं और वन विभाग सहित अन्य विभागों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने जिले में संचालित विकास योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत करते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों और सुझावों का प्रभावी अनुपालन कराया जाएगा।
बैठक में विधायक साण्डी प्रभाष कुमार वर्मा, विधायक सण्डीला अलका सिंह अर्कवंशी, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jul 17, 2026