ललितपुरा एवं रतोदन में पराली जागरूकता शिविरों का आयोजन
एसडीएम की उपस्थिति में ग्रामीण बने पराली प्रबंधन के तहत कृषक मित्र
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में पराली प्रबंधन अभियान के तहत बडौदा तहसील के ग्राम ललितपुरा एवं रतोदन में पराली जलाने के प्रति जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
इस दौरान एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा द्वारा कृषकों से चर्चा की गई, जिसमे कृषकों को पराली नहीं जलाने एवं उसका खेतों में अथवा खेतों के बाहर कृषि यंत्रों के माध्यम से उचित प्रबंधन करने की समझाईश दी गई। कृषकों को बताया कि पराली जलाने से मृदा में उपलब्ध मित्र कीट एवं सूक्ष्म जीवाणु नष्ट हो जाते है, जिसके कारण मिट्टी कठोर एवं उसकी उर्वरा शक्ति कमजोर होने लगती है। कार्यक्रम में किसानों द्वारा पराली नही जलाने की शपथ ली गई।
उप संचालक कृषि श्री आरके सिंह द्वारा किसानों को बताया गया कि पराली जलाने से मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है एवं भूमि धीरे-धीरे बंजर होने लगती है और नुकसान तथा जनहानि की भी संभावना रहती है। इसके अलावा बताया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पराली मित्र बनाये जा रहे है एवं पराली मित्र पराली प्रबंधन में कृषको की सहायता करेंगे।
तहसीलदार श्री सुरेश राठौर द्वारा कृषकों को कृषि यंत्रों के माध्यम से पराली का उचित प्रबंधन करने एवं कंबाईन हार्वेस्टरों में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगवाकर ही फसल की कटाई करने की सलाह दी।
सहायक कृषि यंत्री इंजि. श्री नवीन कुमार द्वारा किसानों को कृषि यंत्रों के उपयोग के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया और बताया कि किसान भाई जहां काली मिट्टी है, वहां पर बेलर, हेरेक, स्लेशर, स्ट्रा रीपर, मल्चर, जीरोटिल सीड ड्रिल का उपयोग करें और जहां पर पीली अथवा दुमठ मिट्टी है, वहां पर हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर, रोटावेटर आदि का उपयोग करके पराली प्रबंधन कर सकते है।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी वि.ख. श्योपुर श्री शरद रघुवंशी द्वारा कृषकों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की विधियों के बारे विस्तारपूर्वक जानकारी दी और फसलों में अनुशंसित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में श्री रामचरण बैरवा मो.न. 9009702913 एवं श्री जगदीश मीणा मो.न. 9179136130 को कृषक मित्र बनाया गया।
ग्राम स्तरीय निगरानी समिति में शामिल कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश
एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा द्वारा ग्राम स्तरीय निगरानी समिति द्वारा सक्रिय रूप से कृषकों के बीच प्रचार-प्रसार एवं जागरूक नही करने पर ग्राम पांडोला, बडौदा, करन्याखेडली, पांडोली के ग्राम स्तरीय निगरानी समिति में शामिल कर्मचारियों का 05 दिवस एवं शाहपुरा का 01 दिवस का वेतन रोकने के निर्देश दिये गये। ग्राम स्तरीय निगरानी समिति में पटवारी, कृषि विस्तार अधिकारी, पंचायत सचिव अथवा रोजगार सहायक तथा कोटवार शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, उप संचालक कृषि श्री आर.के. सिंह, तहसीलदार श्री सुरेश राठौर, सहायक कृषि यंत्री इंजि. नवीन कुमार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी वि.ख. श्योपुर श्री शरद रघुवंशी, कृषि विस्तार अधिकारी श्री शिव सिंह जाटव, ग्राम पंचायत सरपंच, पंचायत सचिव एवं बढ़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur