नशामुक्त युवा विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
-----
माय भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में जिला युवा अधिकारी सुश्री विनीता चौधरी के मार्गदर्शन में विजयपुर ब्लॉक के ग्राम रघुनाथपुर में आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत नशामुक्त युवा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल ऑफिसर डॉ. साक्षी सिकरवार तथा विशिष्ट अतिथि विद्युत विभाग के जेई श्री शिवेंद्र मिश्रा, प्राचार्य श्री मुनीश कुमार माहौर एवं युवा उत्थान मंडल के अध्यक्ष श्री रवि समाधिया मंचासीन रहे।
मेडिकल ऑफिसर डॉ. साक्षी सिकरवार ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए।
जेई श्री शिवेंद्र मिश्रा ने युवाओं को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों में करें और नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाएं।
प्राचार्य श्री मुनीश कुमार माहौर ने विद्यार्थियों को शिक्षा एवं अच्छे संस्कारों का महत्व बताया, वहीं युवा उत्थान मंडल के अध्यक्ष श्री रवि समाधिया ने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में दीपक जाटव ने प्रथम, गुड्डी गर्ग ने द्वितीय तथा छवि गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में दीपक जाटव के प्रभावशाली भाषण पर विद्युत विभाग के जेई श्री शिवेंद्र मिश्रा ने उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप 500 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की। अतिथियों ने तीनों विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई, साथ ही दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उत्सव मनाया गया और मिठाई वितरित की गई। इस अवसर पर माय भारत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक श्री सागर शर्मा, श्री राकेश कुशवाह, श्री राम लखन माहौर, सुश्री पूनम कुशवाह उपस्थित रहे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Nov 4, 2026