बारिश से मकान गिरा, बुजुर्ग मां के साथ खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर संजय सक्सेना
हरदोई। जनपद के टड़ियावां थाना क्षेत्र के परसपुर गांव निवासी संजय सक्सेना पर बारिश ने कहर बरपा दिया। लगातार चार-पांच दिनों तक हुई बारिश के दौरान उनका मकान गिर गया, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
बताया गया कि संजय सक्सेना के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी मां काफी बुजुर्ग हैं। मकान गिर जाने के बाद परिवार के पास रहने के लिए कोई सुरक्षित आवास नहीं बचा है। ऐसे में संजय और उनकी बुजुर्ग मां बेहद परेशानी का सामना कर रहे हैं।
संजय सक्सेना ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि उनके नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा परिवार को रहने के लिए आवास की व्यवस्था की जाए, ताकि वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस जरूरतमंद परिवार की स्थिति को संज्ञान में लेकर कितनी जल्द राहत पहुंचाता है।