एमपीजी कॉलेज चुनाव में दिखा उत्साह, 366 मतदाता चुन रहे छात्रसंघ अध्यक्ष
अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
मसूरी। एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर मंगलवार को विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। सुबह नौ बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा। कुल 366 मतदाता अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इससे पहले सहसचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य के पदों पर एनएसयूआई के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पदों पर मुकाबले को लेकर छात्र संगठनों में हलचल बनी हुई है। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी, मसूरी छात्र संगठन और एनएसयूआई के प्रत्याशी मैदान में हैं। तीनों संगठन अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। मतदान केंद्र पर सुबह से ही छात्र-छात्राओं की आवाजाही बनी रही।
कॉलेज प्रशासन और चुनाव समिति ने मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाएं की हैं। प्राचार्य डॉ. सुनील पवार और चुनाव अधिकारी डॉ. अमिताभ भट्ट की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संचालित की जा रही है। मसूरी पुलिस ने भी सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। कॉलेज परिसर में अनधिकृत और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। चुनाव समिति के अनुसार मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर करीब तीन बजे मतगणना शुरू की जाएगी। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। चुनाव में पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी निभा रहे लेखक और कॉलेज के पूर्व शिक्षक गणेश शैली ने कहा कि कॉलेज से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। ऐसे में इस उम्र में पर्यवेक्षक की भूमिका निभाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि वह कॉलेज परिसर में रहकर चुनाव की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने और चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। चुनाव के परिणामों को लेकर छात्र संगठनों और विद्यार्थियों की निगाहें अब मतगणना पर टिकी हैं।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Sep 29, 2026