528 गांवों में 5.78 लाख खेत प्लॉट का होगा डिजिटल क्रॉप सर्वे
जहानाबाद।
नेशनल ई-गवर्नेंस प्लान-कृषि कृषोन्नति योजना के तहत डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस)-शारदीय (खरीफ) 2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को संयुक्त कृषि भवन, काको रोड स्थित सभागार में सर्वेयर एवं सुपरवाइजर के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी सम्भावना ने की।
प्रशिक्षण में सर्वेयर एवं सुपरवाइजर को डीसीएस की संशोधित कार्यप्रणाली, नए प्रावधान, फसल सर्वेक्षण प्रक्रिया, मोबाइल एप के उपयोग, डाटा प्रविष्टि एवं सत्यापन की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों की तकनीकी शंकाओं का भी समाधान किया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि खरीफ मौसम में जहानाबाद जिले के 528 गांवों में कुल 5,78,843 खेत प्लॉट का सर्वे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संबंधित कर्मियों को प्रत्येक प्लॉट पर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से सर्वे पूरा करना होगा। इस बार सर्वेक्षण प्रक्रिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का भी उपयोग किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी रूबी कुमारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी वीरेंद्र सिंह, सहायक निदेशक प्रक्षेत्र ब्रजेश कुमार, सहायक निदेशक बीज विश्लेषण सत्यजीत कुमार, सहायक निदेशक बीज उत्पादन विवेक कुमार, उप परियोजना निदेशक आत्मा राकेश कुमार एवं सहायक भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुमंत कुमार सहित सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, बीटीएम, एटीएम एवं किसान सलाहकार उपस्थित रहे।
अंत में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कृषि कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया गया। सर्वेक्षण के दौरान संशोधित प्रक्रिया एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 12, 2026