खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा ग्राम समनापुर एवं तेंदूखेड़ा नगर स्थित थोक खोवा विक्रेता एवं मिठाई दुकानों का किया गया औचक निरीक्षण
==
खोवा,मिठाइयों,दूध एवं पनीर के लिए गए नमूने, गुणवत्ता जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए नमूने, रैपिड टेस्ट किट से मौके पर परखी गई दुग्ध पदार्थों की गुणवत्ता
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर दीपावली के त्यौहार के अवसर पर दमोह जिले के समस्त उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा तेंदूखेड़ा नगर एवं ग्राम समनापुर में थोक खोवा विक्रेता एवं मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण की कार्यवाही में ग्राम समनापुर,तेंदूखेड़ा स्थित सीताराम पाल खोवा विक्रेता के खाद्य परिसर का निरीक्षण किया गया। परिसर में विक्रय हेतु संग्रहित मिक्स्ड मिल्क, पनीर, खोवा एवं कलाकंद के नमूने परीक्षण हेतु लिए गए। इसी तरह संदीप किराना समनापुर से बेसन एवं गुलाब जामुन इंस्टेंट मिक्स के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसी तरह तेंदूखेड़ा नगर स्थित आशीष स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। परिसर में संग्रहित नमकीन एवं कलाकंद के नमूने जांच हेतु लिए गए। इन नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश चौबे एवं माधवी बुधौलिया द्वारा मिठाई दुकानों में विक्रय हेतु संग्रहित खोवा, दूध, मिठाईयां, पनीर एवं अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच रैपिड टेस्ट किट से की गई।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी मिठाई विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छ तरीके से मिठाइयों एवं नमकीन का निर्माण एवं भंडारण करें तथा समस्त उपभोक्ताओं को केवल शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाएं।