यूजीसी के काले फैसलों और एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग के खिलाफ आर-पार की लड़ाई
खरक कलां में 41वें दिन भी धरना जारी, 12 अक्तूबर को भिवानी में स्वर्ण समाज महाआंदोलन का शंखनाद
सत्ता की चूलें हिला देगा 12 अक्तूबर को होने वाला स्वर्ण समाज महाआंदोलन : कैप्टन अमर सिंह
भिवानी, 11 अक्तूबर : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के काले फैसलों, आरक्षण प्रणाली में थोपे गए अव्यावहारिक संशोधनों और एससी-एसटी एक्ट के बेलगाम दुरुपयोग के विरोध में भिवानी जिले के खरक कलां बस स्टैंड पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 41वें दिन भी पूरी एकजुटता और आक्रोश के साथ जारी रहा। सरकार की लगातार उदासीनता और उपेक्षापूर्ण रवैये से स्वर्ण समाज में भारी रोष है। इस अन्याय के खिलाफ अब स्वर्ण समाज ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है और 12 अक्तूबर को भिवानी की धरती पर स्वर्ण समाज महाआंदोलन करने का ऐलान किया है। 12 अक्तूबर के इस महाआंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से क्षेत्र के गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा था, जिसे ग्रामीण जनता, विभिन्न सामाजिक संगठनों और खापों का पुरजोर समर्थन मिला है। इसी कड़ी में रविवार को कैरू में पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें 12 अक्तूबर को होने वाले महाआंदोलन में पहुंचने का न्यौता ग्रामीणाों को दिया गया। इस मौके पर यूजीसी रोल बैक संघर्ष समिति के प्रधान कैप्टन अमर सिंह ने सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी और अंधी नीतियों को अब और अधिक सहन करना संभव नहीं है। पिछले 41 दिनों से ग्रामीण पूरी शांति, धैर्य और अनुशासन के साथ अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर सडक़ों पर बैठे हैं। लेकिन सत्ता के नशे में चूर हुक्मरानों की लगातार अनदेखी उनकी क्रूर संवेदनशीलता और तानाशाही सोच को उजागर करती है। कैप्टन अमर सिंह ने 12 अक्तूबर के महाआंदोलन को लेकर हुंकार भरते हुए कहा कि यदि सरकार ने अब भी जनता की इस जायज और लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया, तो यह जन-आक्रोश ऐसा विकराल रूप धारण करेगा जो सत्ता की चूलें हिलाकर रख देगा। 12 अक्तूबर का भिवानी महाआंदोलन सरकार की जनविरोधी नीतियों के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा। इस महाआंदोलन को क्षेत्र की कई प्रमुख खापों और सामाजिक संगठनों ने खुला समर्थन दिया है। वही पिछले कई दिनों से गांव-गांव जाकर चलाए गए जनसंपर्क अभियान के कारण युवाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।