#Balrampur ! हेलमेट-सीट बेल्ट से बच सकती है जिंदगी, यातायात पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान...
गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाना बेहद अहम, मदद करने वालों को पुलिस नहीं करेगी परेशान
#बलरामपुर। यातायात माह नवंबर के तहत बलरामपुर यातायात पुलिस ने सोमवार को जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष जागरूकता एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग के साथ यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी यातायात विजय कुमार पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात सुभाष मौर्य के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि थोड़ी सी लापरवाही सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है, जबकि यातायात नियमों का पालन अनमोल जीवन की रक्षा कर सकता है।
अभियान के दौरान सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद और गोल्डन ऑवर के महत्व की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा घायल के उपचार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद करनी चाहिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मदद करने वाले नेक व्यक्ति (गुड समैरिटन) को कानून के तहत अनावश्यक पूछताछ या परेशानी से सुरक्षा प्राप्त है।
यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से मानक हेलमेट पहनने और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट लगाने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और जल्दबाजी व लापरवाही से बचने की सलाह दी गई।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करें। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है।
#balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Nov 10, 2026