धनतेरस के अवसर पर स्वामित्व योजना अंतर्गत ग्राम गोपालपुरा के 78 हितग्राहियों को मिला आवासीय भूमि का मालिकाना हक
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुआ स्वामित्व रजिस्ट्री कार्यक्रम
ग्राम गोपालपुरा में शत-प्रतिशत स्वामित्व रजिस्ट्री पूर्ण, लगभग 10.45 लाख रुपये की पंजीयन राशि शासन ने की वहन
धनतेरस के शुभ अवसर पर शासन के निर्देशानुसार तहसील पेटलावद के ग्राम गोपालपुरा में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में स्वामित्व योजना अंतर्गत भूखंडों का पंजीयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम गोपालपुरा के 78 पात्र हितग्राहियों को उनकी आवासीय भूमि का वैधानिक स्वामित्व अधिकार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि धनतेरस के पावन अवसर पर ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय भूमि का मालिकाना हक मिलना उनके जीवन में खुशहाली, सुरक्षा एवं समृद्धि की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वामित्व योजना के माध्यम से वर्षों से अपनी आवासीय भूमि पर निवास कर रहे परिवारों को कानूनी अधिकार प्राप्त हो रहे हैं, जिससे उनकी संपत्ति को वैधानिक पहचान मिलने के साथ ही भविष्य भी अधिक सुरक्षित होगा।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि स्वामित्व अधिकार केवल भूमि का दस्तावेज नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के सम्मान, आत्मविश्वास एवं आर्थिक सशक्तिकरण का आधार है। संपत्ति का वैधानिक स्वामित्व मिलने से ग्रामीणों को विभिन्न वित्तीय सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी तथा भूमि संबंधी विवादों में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा पंजीयन राशि का वहन किया जाना ग्रामीण परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक राहत है। सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक पात्र परिवार को उसका अधिकार मिले तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे।
ग्राम गोपालपुरा में 78 हितग्राहियों की शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण
स्वामित्व योजना के अंतर्गत तहसील पेटलावद के ग्राम गोपालपुरा, पटवारी हल्का क्रमांक 51 में कुल 78 आवासीय भूमि अधिकारधारी हितग्राहियों की स्वामित्व रजिस्ट्री पूर्ण की गई। इस प्रकार ग्राम में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया। योजना के अंतर्गत कुल 2.51 हेक्टेयर आबादी भूमि पर स्वामित्व अधिकार प्रदान किए गए। इस प्रक्रिया में लगभग 10 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति पंजीयन राशि का वहन राज्य शासन द्वारा किया गया, जिससे हितग्राहियों को आर्थिक राहत प्राप्त हुई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों को मंत्री सुश्री भूरिया ने किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शत-प्रतिशत रजिस्ट्री कार्य पूर्ण करने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पटवारी श्री रामलाल भाभर, श्री श्यामपाल चंद्रावत, श्री यश रामावत एवं श्री निलेश पालिया को महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा पुष्पहार एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। मंत्री सुश्री भूरिया ने सभी कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का सफल क्रियान्वयन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं जनसेवा की भावना से ही संभव होता है।
धनतेरस के अवसर पर स्वामित्व अधिकार प्राप्त होने से हितग्राहियों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण रहा। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आवासीय भूमि का वैधानिक मालिकाना हक प्राप्त होने से उनकी सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं संपत्ति संबंधी अधिकारों को मजबूती मिलेगी।
इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्रीमती रीतिका पाटीदार, एसडीओपी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Nov 6, 2026