मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित
---
🔸शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की भूमिका महत्वपूर्ण -कलेक्टर श्री सिंह*
---
🔸नशे के दुष्प्रभावों, साइबर फ्रॉड से बचाव और भ्रामक सूचनाओं के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने का किया आह्वान
---
उज्जैन, 16 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेशभर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से संवाद कर उनके कार्यक्षेत्र, अनुभव एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप जनविश्वास अभियान के माध्यम से आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया जा रहा है। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स आज समाज में जनमत निर्माण, सकारात्मक बदलाव और जनजागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने इंफ्लूएंसर्स को उनके कार्यों के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर नवाचार करते हुए आगे बढ़ें और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका प्रयास होना चाहिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिला है, उनकी सफलता की कहानियों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि अन्य पात्र व्यक्ति भी प्रेरित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ ले सकें।
उन्होंने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से नशे के दुष्प्रभावों, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी एवं अफवाहों के प्रसार को रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए किसी भी अपुष्ट या गलत सूचना को साझा करने से बचें तथा तथ्यपरक, विश्वसनीय और सकारात्मक सामग्री को प्राथमिकता दें।
संवाद कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स ने अपने अनुभव साझा किए तथा जनजागरूकता बढ़ाने एवं शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री करणदीप सिंह सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत बड़ी संख्या में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh
JDjansampark Ujjain Ujjain Commissioner Collector Office Ujjain
Umaria, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026