🔸वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं योग सत्र आयोजित, 300 हितग्राही हुए लाभान्वित*
---
🔸अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत सेवा धाम आश्रम एवं अपना घर में हुआ आयोजन*
---
🔸शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए किया प्रेरित*
---
🔸योगाभ्यास के साथ विभिन्न रोगों का परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का किया वितरण*
---
उज्जैन, 28 नवंबर 2026/ भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत समग्र सुख-स्वस्थ कार्यक्रम के तहत जिला आयुष अधिकारी डॉ. मनीषा पाठक के निर्देशन में वरिष्ठजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं योग सत्र आयोजित किए गए।
शिविर का आयोजन सेवा धाम आश्रम, अंकित ग्राम अम्बोदिया तथा अपना घर, श्रद्धा महिला उत्थान समिति, घट्टिया में किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. विशाल सोलंकी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वरिष्ठजनों के कल्याण एवं जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। इस दौरान उन्हें शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाकर स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में डॉ. श्वेता गुजराती एवं डॉ. देवश्री येवलकर द्वारा पोषक आहार-विहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व की जानकारी दी गई। वहीं योगाचार्य सौम्या गुरु ने वरिष्ठजनों को अनुलोम-विलोम, प्राणायाम एवं विभिन्न योगासनों के लाभ बताए तथा योगाभ्यास भी कराया।
चिकित्सा शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, श्वास एवं कास रोग, संधिवात, वात रोग, स्त्री रोग एवं मनोरोग सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का परीक्षण किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार हितग्राहियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया गया। शिविरों में लगभग 300 वरिष्ठजन एवं हितग्राही लाभान्वित हुए।
शिविर में डॉ. लोकेंद्र सूर्यवंशी, डॉ. विशाल सोलंकी, विजय सोनी, अरुणा कुशवाह, विमला पाल, मुकेश परमार एवं सौम्या गुरु सहित अन्य सदस्यों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Department of Ayush, Madhya Pradesh JDjansampark Ujjain Directorate of Health Services, Madhya Pradesh