Big breaking
राज्यस्तरीय माता शिव शक्ति जातर मेले के आयोजन पर असमंजस खत्म, पंचायत ही करेगी आयोजन
एसडीएम चिराग शर्मा ने कहा—प्रशासन देगा पूरा सहयोग; पंचायत प्रधान ने आयोजन को लेकर साधी चुप्पी, उपप्रधान बोले- तैयारियां अंतिम चरण में
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो छतराड़ी, 15 सितंबर।
राज्यस्तरीय माता शिव शक्ति जातर मेले के आयोजन को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों और असमंजस की स्थिति पर अब विराम लग गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि छतराड़ी में होने वाले मेले का आयोजन स्थानीय पंचायत और ग्रामीणों द्वारा ही किया जाएगा। प्रशासन की भूमिका मेले के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तक रहेगी।
एसडीएम चिराग शर्मा ने स्पष्ट किया कि मेले के आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा है और आगे भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले का आयोजन पूरी तरह स्थानीय लोगों और ग्राम पंचायत द्वारा किया जाएगा।
कई दिनों से बनी थी स्थिति स्पष्ट न होने की तस्वीर
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से ग्राम पंचायत छतराड़ी में मेले के आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। पंचायत स्तर पर मेले की तैयारियों को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन प्रशासन और पंचायत की ओर से आयोजन से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक तौर पर स्पष्ट नहीं हो पाई थीं। इसी वजह से मेले के स्वरूप, रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्टार कलाकारों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं।
अब तक किसी बड़े स्टार कलाकार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं होने के कारण भी लोगों में उत्सुकता बनी हुई थी।
प्रधान ने नहीं खोले पत्ते, उपप्रधान ने दी तैयारियों की जानकारी
मेले की तैयारियों और कार्यक्रम को लेकर जब ग्राम पंचायत छतराड़ी की प्रधान रिंकू भारद्वाज से बात की गई तो उन्होंने इस संबंध में खुलकर कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की। ऐसे में मेले की तैयारियों को लेकर पंचायत की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट न होने से लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही।
वहीं, पंचायत के उपप्रधान मोनू शर्मा ने बताया कि मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को लगभग फाइनल कर लिया गया है। वहीं, मुख्य अतिथि को लेकर बातचीत चल रही है और एक-दो दिन के भीतर इसे भी अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
प्रशासन की भूमिका पर भी उठ रहे थे सवाल
पंचायत की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने न आने के चलते यह सवाल भी उठ रहे थे कि क्या मेले के आयोजन में प्रशासन की कोई प्रत्यक्ष भूमिका होगी या पंचायत ही इसका पूरा जिम्मा संभालेगी। एसडीएम के बयान के बाद अब यह तस्वीर साफ हो गई है कि आयोजन की जिम्मेदारी पंचायत और स्थानीय लोगों की होगी, जबकि प्रशासन आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।
अब निगाहें पंचायत की ओर से होने वाली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। खासकर रात्रि कार्यक्रम के कलाकारों, मुख्य अतिथि और मेले की अंतिम रूपरेखा को लेकर पंचायत कब आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक करती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
एक नजर में
मेले का आयोजन ग्राम पंचायत और स्थानीय लोग करेंगे।
प्रशासन पूर्ण सहयोग करेगा।
रात्रि कार्यक्रम के कलाकार लगभग फाइनल बताए जा रहे हैं।
मुख्य अतिथि के नाम पर अभी बातचीत जारी है।
एक-दो दिन में मुख्य अतिथि के नाम की घोषणा होने की संभावना।
प्रधान की ओर से फिलहाल आयोजन को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।